← सभी खबरें

बलिया में मुकेश साहनी का भाजपा पर हमला, निषाद आरक्षण को लेकर 101 दिन की यात्रा का ऐलान! :

बलिया में मुकेश साहनी का भाजपा पर हमला, निषाद आरक्षण को लेकर 101 दिन की यात्रा का ऐलान! :
जिले में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि वे पिछले 11 वर्षों से उत्तर प्रदेश में निषाद समाज के आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं. सहनी ने आरोप लगाया कि इसी संघर्ष के कारण भाजपा ने बिहार में उनके विधायकों को खरीदने का काम किया. उन्होंने कहा कि संजय निषाद हों या वे स्वयं, कोई भी नेता अकेले अपने दम पर नहीं बना है, बल्कि निषाद समाज के लोगों के समर्थन से ही नेतृत्व स्थापित हुआ है. संजय निषाद पर राजनीतिक बयान और भाजपा पर आरोप मुकेश सहनी ने कहा कि उन्होंने पहली बार 2016 में उत्तर प्रदेश का दौरा किया था और 2021 में मजबूती के साथ यहां सक्रिय हुए. उन्होंने दावा किया कि इसके बाद संजय निषाद भाजपा के साथ चले गए. सहनी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा संजय निषाद की “राजनीतिक हत्या” करने की तैयारी में है और 2027 के चुनाव में उन्हें ट्रैक से बाहर कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का उद्देश्य समाज का विकास नहीं बल्कि केवल सत्ता प्राप्त करना है. वीआईपी के संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति की घोषणा प्रेस वार्ता में सहनी ने घोषणा की कि वीआईपी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने में पूरी ताकत से जुटी है. उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी चुनावों में पूरी मजबूती से भाग लेगी. उन्होंने बताया कि 25 जुलाई से वीआईपी 101 दिन की यात्रा शुरू करेगी, जिसके माध्यम से जनता को जागरूक किया जाएगा और संगठन का विस्तार किया जाएगा. संजय निषाद को चुनौती और आरक्षण पर मांग मुकेश सहनी ने संजय निषाद को “बड़ा भाई” बताते हुए नसीहत दी कि वे समाज के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ें. उन्होंने चुनौती दी कि छह महीने के भीतर भाजपा निषाद समाज को आरक्षण दिलाए, अन्यथा संजय निषाद को भाजपा छोड़कर इंडिया गठबंधन में आ जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि यदि वे नेतृत्व करेंगे तो निषाद समाज के अधिकारों की लड़ाई और मजबूत होगी. सहनी ने घोषणा की कि आगामी चुनावों में वीआईपी को जितनी भी सीटें मिलेंगी, उनमें 90 प्रतिशत टिकट निषाद समाज के लोगों को दिए जाएंगे. उन्होंने भाजपा पर जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को जनता के हितों से कोई मतलब नहीं है और उसका लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना है.

Source: https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/ballia-mukesh-sahni-announces-101-day-march-for-nishad-reservation-10430294.html